(पटना) शराब तस्करी के मामले में बिहार पुलिस ने एक दूसरी युवती को पटना जंक्शन से गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई युवती का नाम रिया है। इससे पहले पुलिस ने समस्तीपुर की रहने वाली नेहा को शराब की कई बोतल के साथ हिरासत में लिया था। इन दोनों युवतियों की गिरफ्तारी के बाद ऐसा माना जा रहा है कि शराब माफिया बिहार में अब मदिरा की अवैध खेप पहुंचाने के लिए महिलाओं का सहारा ले रहा है।
जानकारी के मुताबिक पकड़ी गई युवती पटना की रहने वाली है। उसने उत्तर प्रदेश से शराब की खरीद कर ट्रेन से पटना पटना पहुंची। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे स्टेशन से 14 शराब की बोतलों के साथ गिरफ्तार किया है। युवती ने बताया कि वह मध्यवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती है। किसी युवक ने उसे पैसे के लालच में यूपी से शराब लेकर आने को कहा और उसके बदले उसे पैसे का लालच दिया गया। पुलिस अब इस मामले में जांच कर रहा है कि शराब को किन लोगों के पास सप्लाई किया जाना था और तस्करी के पीछे किस का हाथ है। बता दें कि बिहार में पूर्णतः शराबबंदी लागू है।
