( ग्रेटर नोएडा) राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई है। इस बार अपराधियों ने कानून के नाम का खौफ पैदा कर एक 17 वर्षीय किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया है। सनसनीखेज मामला दक्षिण-पूर्व जिले के पॉश और संवेदनशील माने जाने वाले कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क का है।
ऐसे रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे पीड़िता अपने एक 17 वर्षीय पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। मंदिर में माथा टेकने के बाद दोनों टहलते हुए पार्क के सुनसान हिस्से में जा बैठे।
शाम करीब 7:30 बजे, 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन शातिर युवक वहां अचानक आ धमके। इससे पहले कि दोनों किशोर कुछ समझ पाते, आरोपियों ने खुद को ‘पुलिसकर्मी’ बताकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने धौंस जमाते हुए लड़की के दोस्त को एक तरफ जबरन काबू में कर लिया और फिर तीनों ने मिलकर नाबालिग के साथ इस घृणित और असहनीय अपराध को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस का शिकंजा और एनकाउंटरः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहचान और मुठभेड़: पीड़िता द्वारा मुख्य आरोपी की शिनाख्त किए जाने के बाद, तड़के अमर कॉलोनी (डीएम ऑफिस के पास) पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी आसिफ (34) ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में जा लगी, जिसके बाद उसे धर दबोचा गया। वहीं पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
