मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बड़े बजट और भव्य स्टारकास्ट के साथ तैयार इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। रिलीज के महज 11 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1,384.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। खास बात यह है कि रविवार की छुट्टी का फिल्म को भरपूर फायदा मिला और भारत में भी इसकी कमाई में शानदार उछाल देखने को मिला।
‘आरआरआर’ का रिकॉर्ड टूटने की तैयारी
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की अगली चुनौती एसएस राजामौली की ‘आरआरआर’ है। इस फिल्म ने भारत में 782.20 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था। ‘रामायण’ को इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए अब करीब 21 करोड़ रुपये की और कमाई करनी होगी। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए यह मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
वर्ल्डवाइड कमाई में ‘धुरंधर’ और ‘आरआरआर’ से आगे
दुनियाभर में कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। 11 दिनों में 1,384.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर फिल्म ने ‘धुरंधर’ के 1,307.35 करोड़ रुपये और ‘आरआरआर’ के 1,230 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय फिल्मों की वैश्विक कमाई की सूची में यह पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। इससे आगे ‘दंगल’, ‘धुरंधर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्में हैं।
