नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध माता सुंदरी कॉलेज फॉर वूमेन के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षा के विकास और संस्थान के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेज और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित करना था।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या प्रो. हरप्रीत कौर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कॉलेज की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पंजाब, पंजाबी भाषा और सिख इतिहास से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों को डिजिटल रूप देने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए कॉलेज में ‘भाई मनी सिंह आर्काइव’ की स्थापना की गई है, जिससे भविष्य में विद्यार्थी और शोधार्थी ऐतिहासिक सामग्री का अध्ययन कर सकेंगे।

संवाद के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने कॉलेज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें पंजाब से हो रहे प्रवासन और वैश्विक स्तर पर पंजाबी समुदाय की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ‘डायस्पोरा अध्ययन केंद्र’ की स्थापना का प्रस्ताव प्रमुख रहा। इसके साथ ही अत्याधुनिक लैंग्वेज लैब, उच्चारण संबंधी उपकरण और अनुवाद केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। इन पहलों से पंजाबी एवं सिख इतिहास से संबंधित शोध सामग्री का विभिन्न भाषाओं में अनुवाद और अध्ययन आसान हो सकेगा।
अपने संबोधन में सरदार हरमीत सिंह कालका ने सभी विभागों को आश्वस्त किया कि दिल्ली कमेटी और कॉलेज की गवर्निंग बॉडी संस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने विभागों से अपने प्रस्ताव तैयार कर कमेटी को सौंपने का आग्रह किया, ताकि उन पर जल्द कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कॉलेज के लिए अगले 15 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की दीर्घकालिक प्रगति के लिए भविष्य को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में पंजाबी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, संगीत, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, गणित, शिक्षा, कॉमर्स, दर्शनशास्त्र और इतिहास विभाग के प्रतिनिधियों ने अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. हरप्रीत कौर ने इस पहल को सिख शिक्षण संस्थानों के लिए एक सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसी संस्था के प्रमुख द्वारा सीधे शिक्षकों और कर्मचारियों से संवाद करना एक सकारात्मक और दूरदर्शी पहल है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के IQAC निदेशक प्रो. लोकेश गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम अगले वर्ष कॉलेज के 60वें स्थापना वर्ष समारोह की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत भी है। इस अवसर पर कॉलेज गवर्निंग बॉडी के सदस्य सरदार कुलबीर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग की डॉ. हरिंदर संधू ने किया।
