ऋषिकेश। उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही बस गूलर बाजार के समीप अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है।
